March 26, 2023

सलमान खान ने नेवी के जवानों के लिए सेंकी रोटियां, 15 अगस्त से पहले भाईजान ने नौसेना संग बिताया क्वालिटी टाइम।

बॉलीवुड इंडस्ट्री के सुपरस्टार सलमान खान अक्सर चर्चा में रहते हैं। वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, सलमान खान ने अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर विशाखापट्टनम में नेवी के जवानों के साथ क्वॉलिटी टाइम बिताया है। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ अलग-अलग तरह की एक्टिविटी की। भारतीय नौसेना के साथ सलमान खान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें लोग खूब पसंद कर रहे हैं और अपने रिएक्शन दे रहे हैं। 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले सलमान खान की भारतीय नौसेना के साथ ये तस्वीरें काफी चर्चा में हैं।

सलमान खान के नेवी के साथ के फोटोज।

सोशल मीडिया पर सामने आए फोटोज में आप देख सकते हैं कि सलमान खान ने व्हाइट शर्ट और ब्लैक पैंट के साथ इंडियन नेवी की कैप लगा रखी है। सलमान खान ने भारतीय नौसेना के साथ तमाम तरह की एक्टिविटी की। उन्होंने जवानों के साथ एक हाथ से पुशअप भी लगाए। उन्होंने जवानों के साथ डांस करने के साथ ही ऑटोग्राफ भी दिए। इसके साथ ही सलमान खान ने नौसेना के जवानों के लिए रोटियां भी सेंकी। इसके अलावा सलमान खान ने सभी के साथ फोटोज क्लिक करवाए। सलमान खान ने तिरंगा हाथ में लेकर लहराया।

ये फोटोज सामने आने के बाद लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं और कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया है, ‘एक साथ रियल और रील हीरो।’ एक अन्य यूजर ने लिखा है, ‘सभी सुपरस्टार एक साथ।’ इस तरह से तमाम यूजर्स ने अपने दिल की बात कही है।सलमान खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह फिल्म ‘टाइगर 3’ में कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी के साथ नजर आएंगे। वहीं, वह फिल्म ‘कभी ईद कभी दिवाली’ में पूजा हेगड़े के साथ काम करते दिखाई देंगे। सलमान खान पिछली बार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘अंतिमः द फाइनल ट्रुथ’ में नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *